सुपौल, 18 मई । रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। स्टेशन परिसर में नई पार्किंग व्यवस्था तैयार की जा रही है, जिससे वर्षों से बनी अव्यवस्थित पार्किंग और जाम की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण मिलने की उम्मीद है।अभी तक स्टेशन चौक और आसपास की सड़कों पर बाइक, ऑटो और अन्य वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े कर दिए जाते थे। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय स्थिति और भी खराब हो जाती थी, जिससे यात्रियों के साथ स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
रेलवे द्वारा शुरू किए गए इस निर्माण कार्य के बाद वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल मिलेगा। इससे सड़क किनारे वाहनों की भीड़ कम होगी और स्टेशन के आसपास यातायात अधिक सुचारु हो सकेगा। गति शक्ति विभाग से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक पार्किंग सुविधा केवल वाहनों को व्यवस्थित करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इससे स्टेशन परिसर की समग्र व्यवस्था और सौंदर्य में भी सुधार आएगा। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने और बाहर निकलने में आसानी होगी, वहीं रेलकर्मियों की आवाजाही भी बेहतर तरीके से हो सकेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद स्टेशन क्षेत्र की इस बड़ी समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल की गई है। नई पार्किंग शुरू होने के बाद स्टेशन चौक पर लगने वाले जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।