रीवा में दोस्त पर पिस्टल से फायर करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार और स्कॉर्पियो जब्त

Spread the love

रीवा, 11 नवंबर । मध्य प्रदेश के रीवा में रतहरा नहर के पास पार्टी के दौरान दोस्त पर पिस्टल से फायर करने के मामले में समान थाना पुलिस ने बुधवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। घायल युवक का संजय गांधी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को कृष्णम सिंह अपने चार दोस्तों आदर्श बघेल, मोनू उर्फ प्रहलाद सिंह, सौरभ शुक्ला और उत्कर्ष सिंह गहरवार के साथ स्कॉर्पियो से रतहरा नहर के पास पार्टी करने गया था। रात करीब 12:30 बजे पार्टी के दौरान विवाद और दिखावे के चलते मामला फायरिंग तक पहुंच गया।

बताया गया कि प्रहलाद सिंह ने सौरभ शुक्ला की अवैध पिस्टल से पहले हवा में एक राउंड फायर किया। इसके बाद दूसरा फायर कृष्णम की ओर कर दिया, जो उसके बाएं पैर में लगा। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने घायल कृष्णम को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान कृष्णम सिंह पटेल (23), पिता रामायण सिंह पटेल, निवासी रतहरा थाना समान, रीवा के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल के बयान के आधार पर समान थाना पुलिस ने आदर्श बघेल, मोनू उर्फ प्रहलाद सिंह, सौरभ शुक्ला और उत्कर्ष सिंह गहरवार के खिलाफ अपराध क्रमांक 473/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 110, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(ए) और 27(1) के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रहलाद सिंह बघेल उर्फ मोनू (28), निवासी ग्राम लकोड़ा, जिला सीधी, हाल आदर्श नगर रीवा; सौरभ शुक्ला (23), निवासी ग्राम बदिगवां, जिला रीवा, हाल इंद्रानगर; आदर्श सिंह (27), निवासी बाणसागर कॉलोनी, रीवा और उत्कर्ष सिंह गहरवार (21), निवासी ग्राम नकटा कटरा, जिला रीवा, हाल नेहरू नगर, रीवा शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इसी वाहन से पार्टी करने पहुंचे थे। अब पुलिस पिस्टल के स्रोत और उसके पूर्व में इस्तेमाल किए जाने की जानकारी जुटा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आगे की वैधानिक कार्रवाई के तहत उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।