रोटरी क्लब शिमला ने पुरस्कार समारोह में जीते 22 पुरस्कार

Spread the love

शिमला, 29 जून । रोटरी क्लब शिमला ने रोटरी वर्ष 2025-26 के जिला पुरस्कार समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 22 प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए हैं। इनमें पांच जिला स्तरीय और 17 जोनल पुरस्कार शामिल हैं। क्लब की इस उपलब्धि को शिमला और क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।

जिला स्तर पर रोटरी क्लब शिमला को सर्वश्रेष्ठ क्लब का पुरस्कार मिला। इसके अलावा रोटेरियन मनु अग्रवाल को जिला का सर्वश्रेष्ठ असिस्टेंट गवर्नर चुना गया। क्लब के आरवाईएलए (रोटरी यूथ लीडरशिप अवार्ड्स) प्रोजेक्ट को जिला का सर्वश्रेष्ठ आरवाईएलए प्रोजेक्ट घोषित किया गया। वहीं क्लब अध्यक्ष रोटेरियन करण बांबा को जिला का उत्कृष्ट अध्यक्ष और ऐन अंकिता बांबा को जिला की सर्वश्रेष्ठ को-पायलट का सम्मान मिला।

क्लब ने जोनल स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण पुरस्कार हासिल किए। रोटरी क्लब शिमला को जोन का सर्वश्रेष्ठ क्लब चुना गया, जबकि रोटेरियन करण बांबा को जोन का सर्वश्रेष्ठ अध्यक्ष घोषित किया गया। रोटेरियन सुन्दीप सौहटा को स्टार सचिव का पुरस्कार मिला। अनाथालय के बच्चों के साथ जन्मदिन मनाने की पहल को सर्वश्रेष्ठ को-पायलट प्रोजेक्ट का सम्मान दिया गया। कंगारू मदर केयर बेबी बैग्स परियोजना को सर्वश्रेष्ठ नवाचार परियोजना और रोटरी लोगो वाले पुनर्चक्रित कपड़े के थैलों की पहल को सर्वश्रेष्ठ पब्लिक इमेज प्रोजेक्ट का पुरस्कार मिला। ई-वेस्ट संग्रह अभियान को जोन का सर्वश्रेष्ठ प्रोजेक्ट चुना गया।

इसके अलावा ऐन अंकिता बांबा को जोन की सर्वश्रेष्ठ को-पायलट और ऐन शिवानी सौहटा को जोन की उत्कृष्ट को-पायलट का सम्मान मिला। रोटरी क्लब शिमला को जोन में सर्वाधिक परियोजनाएं संचालित करने वाले क्लब, टीआरएफ में सर्वाधिक योगदान देने वाले क्लब, प्रति सदस्य सर्वाधिक टीआरएफ योगदान देने वाले क्लब तथा 100 प्रतिशत टीआरएफ योगदानकर्ता क्लब के पुरस्कार भी प्राप्त हुए। क्लब को नियमित रूप से क्लब बुलेटिन प्रकाशित करने के लिए भी सम्मानित किया गया। वहीं रोटेरियन करण शर्मा, पी.पी. रोटेरियन अमित पाल सूद और रोटेरियन रौनक गोयल को जोन के सर्वाधिक सक्रिय रोटेरियन के रूप में सम्मान मिला।

इस उपलब्धि पर क्लब अध्यक्ष रोटेरियन करण बांबा ने सभी सदस्यों, पदाधिकारियों, सहयोगियों और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरे क्लब के सामूहिक प्रयास, समर्पण और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने रोटेरियन मनु अग्रवाल के मार्गदर्शन और क्लब परिवार के सहयोग की भी सराहना की।