भगत सिंह के बलिदान से प्रेरणा लेकर देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं युवा : अनुज शुक्ला

Spread the love

कानपुर, 27 सितंबर । अमर क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह के बलिदान को देश कभी भुला नहीं पाएगा। आने वाली पीढ़ियों को उनके व्यक्तित्व और विचारों से प्रेरणा लेकर भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करना होगा। यह बातें रविवार को आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अनुज शुक्ला ने कही।

शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर आम आदमी पार्टी की ओर से जिला अस्पताल उर्सला में रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष अनुज शुक्ला अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उर्सला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने स्वयं रक्तदान किया। कार्यक्रम में करीब 10 यूनिट रक्तदान किया गया।

अनुज शुक्ला ने कहा कि सरदार भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उनके साहस, संघर्ष और बलिदान से देश की युवा पीढ़ी को हमेशा प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने कहा कि भगत सिंह के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि युवा देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझ सकें।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की ओर से रक्तदान कार्यक्रम आयोजित कर अमर शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यकर्ताओं ने रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद का संदेश भी दिया।