मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल पर लगाई रोक

Spread the love

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर । उच्चतम न्यायालय ने नोएडा की मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में हुई मौत के मामले में भोपाल के सेशंस कोर्ट में चल रही ट्रायल की कार्यवाही पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। यह आदेश ट्विशा के पिता और मामले के शिकायतकर्ता नवनिधि शर्मा की ओर से दायर ट्रांसफर याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया।

चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने भोपाल के संबंधित ट्रायल कोर्ट को निर्देश दिया कि वो याचिकाकर्ताओं की जमानत याचिकाओं पर दो हफ्ते में फैसला करें।

नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा ने भोपाल के वकील समर्थ सिंह से शादी की थी। दोनों की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। शादी के महज पांच महीने बाद 12 मई को ट्विशा अपने ससुराल भोपाल में फंदे से लटकी हुई पाई गईं। इस मामले में ट्विशा के परिवार ने पति और ससुराल वालों पर लगातार घरेलू हिंसा करने और दहेज की मांग को लेकर परेशान करने का आरोप लगाया है।

इसके बाद भोपाल के कटारा हिल्स पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और दहेज निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। इस मामले में गिरफ्तार ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह मध्य प्रदेश में जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग की पूर्व अध्यक्ष रह चुकी हैं।