किशनगंज, 26 अप्रैल । बिहार के राज्यपाल के प्रस्तावित किशनगंज दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। रविवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों को लेकर विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी वरीय पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। ब्रीफिंग के दौरान डीएम ने राज्यपाल के प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए बताया कि समाहरणालय परिसर में उच्चस्तरीय बैठक एवं कनकई सभागार में सिविल सोसाइटी के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में किशनगंज एवं अररिया जिले के प्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कार्केड मूवमेंट को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि मार्ग में किसी भी प्रकार का अवरोध या अवांछित गतिविधि नहीं होनी चाहिए। हवाई अड्डा परिसर में रनवे की कड़ी निगरानी रखने और किसी भी व्यक्ति या पशु की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। वहीं पुलिस अधीक्षक ने गार्ड ऑफ ऑनर, कार्केड मूवमेंट, पायलट कार, एस्कॉर्ट कार एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को सुबह 6:30 बजे तक ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने तथा 7 बजे उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया। एसपी ने बताया कि कार्केड में शामिल सभी वाहनों के चालक पुलिस विभाग के होंगे और उनका मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा। सभी चालक निर्धारित वर्दी में रहेंगे तथा मोटर वाहन निरीक्षक द्वारा वाहनों की तकनीकी जांच की जाएगी। इसके अलावा यातायात प्रबंधन, ड्रॉप गेट संचालन, पार्किंग व्यवस्था एवं समाहरणालय परिसर में अनधिकृत प्रवेश पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए। प्रवेश द्वार पर सघन जांच के बाद ही अधिकृत व्यक्तियों को अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी। बैठक में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सह जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।