जयपुर, 28 जून । रामनगरिया थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने कार जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थानाधिकारी चन्द्रभान ने बताया कि मृतक राधेश्याम (58) निवासी महल रोड, जगतपुरा थे, जो महल रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। शनिवार रात करीब 1:30 बजे ड्यूटी के दौरान मंदिर के सामने सर्विस लेन में सड़क किनारे खड़े एक ठेले पर लेटकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सर्विस लेन में घुस गई और ठेले को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची रामनगरिया थाना पुलिस ने चालक और कार को अपने कब्जे में लिया तथा घायल राधेश्याम को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक भावेश पंवार, निवासी जोधपुर, अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहा था। पुलिस ने चालक को डिटेन कर कार जब्त कर ली है। मामले की जांच जारी है।