जयपुर, 17 जनवरी । जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने शनिवार को विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों और जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए विभिन्न स्थानों का दौरा किया। जेडीसी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
दौरे की शुरुआत स्वर्ण जयंती पार्क से हुई। जेडीसी ने पार्क को बजट घोषणा के अनुरूप ‘ऑक्सीजन पार्क’ के रूप में विकसित करने की परामर्शदाता वास्तुकार से विस्तृत जानकारी ली और इसे जल्द मूर्त रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने विकसित परियोजना के बाहरी और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश प्रदान किए, जिससे विकसित परियोजना के बाहर की ओर यातायात का निर्बाध संचालन हो सके।
जेडीसी ने सीकर रोड पर चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली एवं कार्य प्रगति की समीक्षा की। सीकर रोड पर यातायात प्रबंधन के संबंध में व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए । इसके उपरांत सेक्टर रोड की समीक्षा की गई जिसमें वीकेआई रोड न.-05 के सामने जा रही 100 फीट सेक्टर रोड के संबंध में उपायुक्त जोन -06 को निर्देशित किया तथा लोहा मंडी की स्कीम एवं इसके आसपास स्थित सेक्टर सड़कों के निर्माण को गति देने के लिए निर्देशित किया ।
इस दौरे के दौरान निदेशक अभियांत्रिकी प्रथम, संबंधित जोन उपायुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, स्वर्ण जयंती पार्क में विकसित परियोजना के परामर्शदाता वास्तुकार उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि विद्याधर नगर के निकट प्रस्तावित स्वर्ण जयंती पार्क की परियोजना स्थल, जो लगभग 25.00 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है, इस परियोजना की परिकल्पना एक समग्र एवं जीवंत शहरी हरित क्षेत्र के रूप में की गई है, जिसे चार प्रमुख ज़ोनों में विभाजित किया गया है—ऑक्सीजन पार्क, गतिविधि एवं बाल क्षेत्र, साइंस पार्क तथा मजार डैम विकास क्षेत्र। लगभग 4.20 हेक्टेयर में विकसित होने वाला ऑक्सीजन पार्क एक पर्यावरणीय विश्राम स्थल के रूप में डिज़ाइन किया गया है, जिसमें मौजूदा ऊँचे वृक्षों को संरक्षित रखते हुए गार्डन स्कल्पचर, ग्रीन आर्च, म्यूज़िकल फाउंटेन, वॉकिंग ट्रैक तथा एक ओपन-एयर थिएटर को सम्मिलित किया गया है।