महिला टी20 विश्व कप: डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड का सफर समाप्त, अमेलिया केर ने बताई हार की वजह

Spread the love

नई दिल्ली, 28 जून । महिला टी20 विश्व कप 2026 के 28वें मुकाबले में इंग्लैंड ने गत विजेता न्यूजीलैंड को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। हार के बाद न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान अमेलिया केर ने स्वीकार किया कि टीम के लिए यह टूर्नामेंट निराशाजनक रहा।

लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेले गए इस मुकाबले में हार से न्यूजीलैंड का अभियान ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया, जबकि मेजबान इंग्लैंड ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज कर ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया। आयरलैंड से हार के बावजूद वेस्टइंडीज भी अंतिम चार में जगह बनाने में सफल रहा।

हार के बाद न्यूजीलैंड की कप्तान ने कहा कि आयरलैंड ने हमें सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका दिया था और आज हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना था। बल्लेबाजी के दौरान कुछ ऐसे पल आए जब लगा कि हम बड़ा स्कोर खड़ा कर सकते हैं, लेकिन हमने कुछ विकेट गंवा दिए। फिर भी हमने 160 से अधिक रन बनाए, इसलिए अच्छी गेंदबाजी के दम पर हमारे पास मुकाबला जीतने का मौका था।”

उन्होंने आगे कहा कि अगर हम कुछ और रन जोड़ते और गेंदबाजी में थोड़ी ज्यादा अनुशासन दिखाते, तो मुकाबला काफी रोमांचक हो सकता था।”

टूर्नामेंट पर बात करते हुए केर ने कहा कि हम सभी मानते हैं कि यह अभियान हमारे लिए निराशाजनक रहा। हमारा लक्ष्य सेमीफाइनल में पहुंचना था। उन्होंने कहा कि हमारी टीम में अभी भी काफी सुधार की गुंजाइश है। अगर हम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में सिर्फ पांच प्रतिशत भी बेहतर हो जाएं, तो हम बेहद खतरनाक टीम बन सकते हैं। हमारे पास कई प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी हैं, जो आने वाले समय में और मजबूत होंगे।

मैच की बात करें तो शनिवार रात खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। टीम ने संभली हुई शुरुआत की और शुरुआती छह ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 44 रन जोड़े। हालांकि 70 रन के कुल स्कोर पर एक के बाद एक तीन विकेट गवां दिए। कप्तान अमेलिया केर ने 42 रन की उपयोगी पारी खेली, इसाबेला गेज ने 28 रन बनाए।

इसके बाद सोफी डिवाइन ने 14 गेंदों में 30 रन और ब्रूक हॉलिडे ने 20 रन बनाए। अंत में मैडी ग्रीन 17 रन बनाकर नाबाद लौटीं, जबकि सूजी बेट्स ने 19 रन का योगदान दिया।

इंग्लैंड की ओर से डेनिएल गिब्सन सबसे सफल गेंदबाज रहीं और उन्होंने दो विकेट झटके, जबकि लॉरेन बेल और फ्रेया केम्प को एक-एक सफलता मिली।

164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। एमी जोन्स 17 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन इसके बाद डैनी वायट-हॉज और सोफिया डंकली ने शानदार साझेदारी करते हुए न्यूजीलैंड की वापसी की सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। दोनों बल्लेबाजों डैनी नाबाद 89 रन और डंकली नाबाद 49 रन की पारियां खेलते हुए इंग्लैंड को 9 विकेट से शानदार जीत दिलाई।