सनातन संस्कृति से ऐसा जुड़ाव कि अमेरिका छोड़ भारत को बना लिया अपना घर

Spread the love

रीवा, 26 नवंबर । अमेरिका में रहने वाला एक युवक कभी अंग्रेजी में बातचीत करता था, लेकिन आज संस्कृत के श्लोकों का पाठ करता है। हिंदी में पूजा-पाठ करता है और भगवान शिव, श्रीराम तथा हनुमान का भक्त बन चुका है। सनातन संस्कृति के प्रति उसकी आस्था इस कदर बढ़ी कि भारत आया तो यहीं का होकर रह गया। अमेरिका के श्यामुअल अब श्याम दास के नाम से पहचाने जाते हैं। इन दिनों वह मध्य प्रदेश के रीवा पहुंचे हैं, जहां गांवों की संस्कृति, परंपराओं और ग्रामीण जीवनशैली को करीब से जान रहे हैं।

श्याम दास की यह यात्रा केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति उनके जुड़ाव की कहानी भी है। वह प्रतिदिन संस्कृत के श्लोकों का पाठ करते हैं और हिंदी में पूजा-अर्चना करते हैं। भगवान शिव, श्रीराम और हनुमान के प्रति उनकी गहरी श्रद्धा है। उन्होंने सात्विक जीवनशैली और शुद्ध शाकाहारी भोजन को अपना लिया है। अब उनकी इच्छा भारत में ही रहकर यहां की संस्कृति और परंपराओं के बीच जीवन बिताने की है।

श्याम दास की रीवा के कुलदीप से मुलाकात ऋषिकेश में हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और कुलदीप के आमंत्रण पर वह रीवा पहुंच गए। उनका उद्देश्य शहर घूमने के साथ मध्य प्रदेश के गांवों को देखना और भारतीय ग्रामीण जीवन को नजदीक से समझना था।

रीवा पहुंचने के बाद यहां की संस्कृति, रहन-सहन और पारंपरिक जीवनशैली ने उन्हें खासा प्रभावित किया। गांवों में गोबर से लिपे मिट्टी के आंगन और प्राकृतिक वातावरण को देखकर वह काफी प्रसन्न नजर आए। उनके मित्र कुलदीप के मुताबिक, श्याम दास ने कहा कि अमेरिका में इस तरह के मिट्टी और प्राकृतिक वातावरण का अनुभव लेने के लिए भी लोगों को पैसे खर्च करने पड़ते हैं, जबकि भारत के गांवों में यह जीवनशैली आज भी सहज रूप से देखने को मिलती है।

विंध्य की धरती पर पहुंचकर श्याम दास स्थानीय लोगों से घुलने-मिलने का प्रयास कर रहे हैं। कभी अंग्रेजी में बातचीत करने वाले श्याम दास अब बघेली भाषा के शब्द भी सीख रहे हैं। वह स्थानीय लोगों का बघेली में अभिवादन कर रहे हैं। उनकी भाषा, पहनावे और भारतीय परंपराओं के प्रति लगाव को देखकर ग्रामीण भी उत्सुकता से उनसे बातचीत कर रहे हैं।