सूरजपुर में अंधे कत्ल का खुलासा, टांगी से हत्या के बाद आरोपित ने लगाई थी फांसी

Spread the love

सूरजपुर, 17 अक्टूबर । सूरजपुर जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र में नाले के पानी में मिले युवक के शव के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में सामने आया कि सोनपुर निवासी नाहर सिंह की हत्या गांव के ही बालगोविन्द सिंह ने टांगी से सिर पर वार कर की थी। पुलिस के मुताबिक, घटना के कुछ दिन बाद बालगोविन्द ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में हत्या में इस्तेमाल टांगी जब्त किया गया है।

पुलिस ने आज शनिवार को बताया कि, ग्राम सोनपुर बरपारा निवासी जयलाल सिंह ने 12 अक्टूबर को बसदेई चौकी में सूचना दी थी कि उनका बेटा नाहर सिंह 10 अक्टूबर की रात से लापता है। दो दिन बाद ग्रामीणों ने खेत के पास नाले के पानी में उसका शव पड़े होने की जानकारी दी। मृतक के सिर पर चोट के निशान थे। आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने हथियार से हमला कर उसकी हत्या की है। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 760/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने अज्ञात आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। इसी बीच 14 अक्टूबर को सोनपुर निवासी बालगोविन्द सिंह का शव उसके खेत के पास पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला।

पुलिस ने 17 अक्टूबर को ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ की। इस दौरान बालगोविन्द की पत्नी और बेटी ने बताया कि नाहर सिंह के व्यवहार से उनका परिवार परेशान था। बालगोविन्द पहले भी उसे मार डालने की बात कह चुका था। मृतक नाहर सिंह के भाई तान सिंह ने भी पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले बालगोविन्द ने उससे कहा था कि उसका भाई उसे काफी परेशान कर रहा है।

परिजनों के बयानों के मुताबिक, 10 अक्टूबर की रात नाहर सिंह और बालगोविन्द घर के पास बैठे बातचीत कर रहे थे। इसके बाद नाहर सिंह अपने घर चला गया। कुछ देर बाद बालगोविन्द टांगी लेकर घर से निकला और करीब एक घंटे बाद वापस लौटा। अगले दिन वह देर से उठा और चुपचाप रहने लगा।

12 अक्टूबर को नाहर सिंह का शव मिलने के बाद बालगोविन्द भी उसे देखने पहुंचा था। पुलिस को देखकर वह वापस घर लौट आया। परिजनों के अनुसार, उसने अपनी पत्नी से नाहर सिंह की हत्या करने की बात कही और कहा कि अब वह उन्हें परेशान नहीं करेगा। इसके बाद वह उपचार कराने जाने की बात कहकर घर से निकला था। दो दिन बाद उसका शव खेत के पास पेड़ से लटका मिला।

पुलिस की विवेचना में निष्कर्ष निकला कि नाहर सिंह की हत्या बालगोविन्द ने टांगी से सिर पर वार कर की थी और बाद में उसने आत्महत्या कर ली। घटना में इस्तेमाल टांगी जब्त कर लिया गया है।