जयपुर, 11 सितंबर । राजस्थान सरकार और गर्ल इफेक्ट इंडिया के सहयोग से शुक्रवार को ‘टीका टॉक’ पहल की शुरुआत की गई। इसका उद्देश्य एचपीवी टीकाकरण को लेकर किशोरियों और माता-पिता में जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सरल भाषा में भरोसेमंद जानकारी उपलब्ध कराना है। पहल की शुरुआत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. मधु राटेश्वर की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय बैठक में की गई।
राज्य में 14-15 वर्ष की किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर एचपीवी टीका नि:शुल्क लगाया जा रहा है। यह टीका सर्वाइकल कैंसर के अधिकांश मामलों के लिए जिम्मेदार एचपीवी संक्रमण से बचाव में मदद करता है। भारत में 2024 में 78,499 महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की पहचान हुई और 42,392 की मौत हुई।
‘टीका टॉक’ के तहत स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, माता-पिता से संवाद और व्हाट्सऐप चैटबॉट के माध्यम से एचपीवी टीकाकरण व सर्वाइकल कैंसर से जुड़े सवालों के सरल जवाब उपलब्ध कराए जाएंगे। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जयपुर, दौसा और कोटपूतली से मिले सुझावों के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
डॉ. मधु राटेश्वर ने कहा कि राजस्थान पात्र किशोरियों और उनके परिवारों तक सही जानकारी व सहयोग पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं टीकाकरण प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. रघुराज सिंह ने अभिभावकों से 14 वर्ष की बेटियों को एचपीवी टीका लगवाने की अपील की। गर्ल इफेक्ट इंडिया की कंट्री डायरेक्टर कविता अय्यागरी ने कहा कि पहल का उद्देश्य परिवारों तक उनकी भाषा में भरोसेमंद जानकारी पहुंचाना है।