जींद : सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना : डिप्टी स्पीकर

Spread the love

जींद, 05 जुलाई । हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा जींद जिले के समग्र एवं संतुलित विकास को प्राथमिकता देते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के अनुरूप प्रत्येक क्षेत्र में पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितकारी प्रशासन सुनिश्चित किया जा रहा है। सरकार जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

डिप्टी स्पीकर रविवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों एवं मांगों को गंभीरता से सुना तथा मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्धारित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि जिला से नौ-नौ नेशनल हाईवे निकलने से जींद राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है और आने वाले समय में यह पहचान और मजबूत होगी। जींद को जल्द ही देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है। यह परियोजना न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश व देश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि जींद की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए रेलवे अंडरपास, ओवरब्रिज, शहर वासियों को जल्द मिलने वाला भाखड़ा नहर आधारित पानी, एकल्व्य स्टेडियम में बिछाए जा रहे सिंथेटिक ट्रेक, 300 बेडिड अस्पातल, रानी तालाब, शहर के अटल पार्क समेत अन्य पार्कों तथा चौक व चैराहों के सौंदर्यकरण, नया बस स्टेंड, शहर के बाईपास जयंती देवी मंदिर के पास नहर पर घाट के निर्माण, अमृत सरोवरों एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के कार्य भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दौरान करवाए गए हैं, जिनका फायदा जींद की जनता को मिल रहा है।