सिरसा: ब्लैकमेल करने वाले दंपती सहित तीन गिरफ्तार

Spread the love

सिरसा, 24 जुलाई । पुलिस ने झूठे मुकदमे को खत्म करवाने के नाम पर ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपये की मांग करने वाले दंपती सहित तीन आरोपियों को सिरसा क्षेत्र से शुक्रवार को दो लाख रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी प्रियंका, उसके पति गंजानंद और साथी अवतार सिंह को काबू किया है।

पुलिस के अनुसार गांव बाहिया निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके भाई संजय कुमार के खिलाफ महिला थाना में दर्ज मुकदमे को रफा-दफा कराने का झांसा देकर प्रियंका लगातार पांच लाख रुपये की मांग कर रही थी। आरोप है कि प्रियंका और उसका पति गजानंद परिवार को ब्लैकमेल कर रहे थे। सौदा दो लाख रुपये नकद और तीन लाख रुपये ऑनलाइन देने पर तय हुआ और शिकायतकर्ता को सिरसा के एक पार्क में बुलाया गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपना जाल बिछाया।

शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए 500-500 रुपये के नोटों की चार गड्डियों के नंबर पहले से नोट कर लिए गए। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपियों को रकम सौंपी और इशारा मिलते ही सादे कपड़ों में मौजूद पुलिस टीम ने दबिश देकर प्रियंका, उसके पति गजानंद और उनके साथी अवतार सिंह को मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी में प्रियंका से 50 हजार रुपये और अवतार सिंह से डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए। सिविल लाइन थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया इस मामले में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया गया उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी । पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि आरोपियों ने पहले भी किसी अन्य व्यक्ति को इसी तरह ब्लैकमेल कर रकम तो नहीं वसूली।