फतेहाबाद, 19 अप्रैल । थाना शहर फतेहाबाद पुलिस ने एक किसान का भरोसा जीतकर उसका ट्रैक्टर हड़पने और उसे खुर्द-बुर्द करने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया जॉन डियर ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया है। रविवार को थाना शहर फतेहाबाद की प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्रा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस संबंध में सिरसा जिले के गांव गीगो रानी निवासी सुभाष ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी हरजीत सिंह और उसके साथियों ने सुभाष को झांसे में लिया था कि वे उसके नए जॉन डियर ट्रैक्टर का उपयोग करेंगे और उसके बदले बैंक की सभी किस्तें समय पर भरेंगे। भोले-भाले किसान ने उन पर भरोसा कर ट्रैक्टर सौंप दिया, लेकिन आरोपियों की मंशा कुछ और ही थी। आरोपियों ने न तो बैंक की एक भी किस्त भरी और न ही ट्रैक्टर वापस किया। इस धोखाधड़ी के कारण बैंक का पूरा कर्ज पीडि़त सुभाष को खुद ही चुकाना पड़ा। हद तो तब हो गई जब पीडि़त ने अपना ट्रैक्टर वापस मांगा। पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी की और मुख्य आरोपी हरजीत सिंह निवासी भाटिया कॉलोनी, फतेहाबाद को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वह ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया है जिसे हड़पा गया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से यह जानने का प्रयास करेगी कि इस धोखाधड़ी में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे और क्या उन्होंने इस तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है। मामले की गहन जांच जारी है।