हरिद्वार, 21 नवंबर । शांतिकुंज में आयोजित जन्मशताब्दी समारोह का तीसरा सत्र शनिवार को सामाजिक समरसता को समर्पित रहा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री दुर्गा प्रसाद उइके ने कहा कि समारोह से प्रत्येक व्यक्ति को ‘नर से नारायण और लघु से विराट’ बनने का संकल्प लेकर लौटना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पूज्य गुरुदेव और वंदनीया माताजी ने मनुष्य के भीतर छिपे देवत्व को जागृत करने का मार्ग दिखाया है। गुरुदेव की साधना, तपश्चर्या और राष्ट्र के प्रति संवेदना आज भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वबंधुत्व, आत्मीयता और मानव कल्याण के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति ने सदैव विश्व को जीवन मूल्य, संस्कार, आध्यात्मिकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार का उद्देश्य समाज से जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव को समाप्त कर सभी मनुष्यों में एकता और समानता का भाव विकसित करना है। समाज जब सेवा, संस्कार और समरसता के सूत्र में जुड़ता है, तभी राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है।
परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि ने कहा कि शांतिकुंज की यह यात्रा संस्कारों, संस्कृति और नए भारत के निर्माण की यात्रा है। यह सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का संदेश देती है।
कार्यक्रम में स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि, स्वामी निखिलेश्वरानंद, सुश्री प्रज्ञा भगवती और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। शांतिकुंज की कार्यकर्ता बहनों ने वंदनीया माताजी के जीवन पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की।
समारोह में राज्यसभा सदस्य खीरू महतो, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।