कलियर दरगाह से मासूम लापता, सीसीटीवी में कैद संदिग्ध

Spread the love

हरिद्वार, 08 जून। कलियर की दरगाह साबिर पाक में रविवार देर शाम एक सात माह का मासूम के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से हड़कंप मच गया। दरगाह के आंगन में सो रहे मासूम को एक अज्ञात व्यक्ति कथित रूप से उठाकर ले गया। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को ले जाते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार रजिया खातून पत्नी असमत अपनी माता कलसुम खातून और भाई खुशराज के साथ दरगाह साबिर पाक में हाजिरी के लिए आई हुई थीं। परिवार मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले के चारौत थाना क्षेत्र के मुसीधा गांव का निवासी है। बताया गया कि रविवार देर शाम रजिया का सात माह का पुत्र मोहम्मद अली दरगाह के आंगन में परिजन के पास लेटा हुआ था। इसी दौरान परिजन को नींद आ गई। आरोप है कि तभी मौके का फायदा उठाकर कोई मासूम को उठाकर ले गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान शुरू किया और दरगाह क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को ले जाते हुए कैमरे में दिखाई दिया है। पुलिस उसकी पहचान और लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

सीओ दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि बच्चे की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। बच्चे को सकुशल बरामद करने के प्रयास जारी हैं।