हरिद्वार, 06 जून । नगर निगम रुड़की के वार्ड संख्या 33 स्थित सोत मोहल्ला में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध के चलते विभागीय टीम को बिना स्मार्ट मीटर लगाए ही वापस लौटना पड़ा। मौके पर किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार अधिशासी अभियंता अनिल मिश्रा के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम विजिलेंस कर्मियों के साथ सोत मोहल्ला पहुंची थी। जैसे ही क्षेत्रवासियों को स्मार्ट मीटर लगाए जाने की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और टीम का घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों का नेतृत्व कर रहे पार्षद हाजी फजलुर्रहमान, पार्षद संजीव राय टोनी, कांग्रेस नेता मोहम्मद मुबश्शीर और अनस अंसारी समेत अन्य नागरिकों ने विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। लोगों का कहना था कि यदि पूरे शहर में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना लागू की जा रही है तो इसकी शुरुआत वार्ड संख्या एक से होनी चाहिए। उनका तर्क था कि वार्ड संख्या 33 में सबसे पहले स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय उचित नहीं है और पहले अन्य 32 वार्डों में यह व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
काफी देर तक चले गतिरोध और बातचीत के बावजूद कोई सहमति नहीं बन सकी। आखिरकार विभागीय टीम को बिना स्मार्ट मीटर स्थापित किए वापस लौटना पड़ा।
अधिशासी अभियंता अनिल मिश्रा ने बताया कि विभाग निर्धारित योजना के अनुसार स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों के बीच कई तरह की आशंकाएं और भ्रांतियां हैं। विभाग संवाद और जनजागरूकता के माध्यम से इन शंकाओं को दूर करने का प्रयास करेगा और सहमति बनाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।