दिशा बैठक में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने की विकास कार्यों की समीक्षा

Spread the love

मीरजापुर, 16 मई । केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनहित एवं विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में केंद्रीय मंत्री ने अंत्येष्टि स्थलों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रमों में एनआरएलएम समूह की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए झोलाछाप चिकित्सकों एवं अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी सेंटरों के विरुद्ध अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल योजना की समीक्षा करते हुए पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने को कहा गया। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में खराब हैंडपंपों का सत्यापन कर शीघ्र ठीक कराने तथा समूह की महिलाओं को “जल मित्र” के रूप में प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए गए।

केंद्रीय मंत्री ने आयुष्मान कार्ड एवं वयोश्री आयुष्मान कार्ड अधिक से अधिक पात्र लोगों के बनाए जाने पर जोर दिया। उन्होंने पीएचसी एवं सीएचसी पर चिकित्सकों, दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के लिए विकासखंड स्तर पर लगाए जाने वाले शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया गया।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, कौशल विकास एवं अन्य योजनाओं की समीक्षा कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।