अन्तरजनपदीय मादक पदार्थ तस्करी का वांछित आरोपित गिरफ्तार

Spread the love

मीरजापुर, 08 सितंबर । अन्तरजनपदीय मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपित को राजगढ़ पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ मीरजापुर और सोनभद्र के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

राजगढ़ थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि राजगढ़ गांव निवासी संदीप सोनकर उर्फ बाबा मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े गिरोह में सक्रिय था। 24 मई को राजगढ़ से सात किलो गांजा के साथ मध्य प्रदेश के मऊगंज निवासी मानस मणि को गिरफ्तार किया था। उस दौरान संदीप भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था।

आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के जरिए उसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने राजगढ़ गांव में दबिश देकर संदीप को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ मीरजापुर और सोनभद्र के अलग-अलग थानों में एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और मारपीट समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।