अमेठी, 31 मई । उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत जायस कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहनगंज रोड पर गंगागढ़ के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई है जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जायस कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहनगंज तिलोई रोड पर गंगागढ़ से आधा किलोमीटर पहले तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक सवार की बीचो-बीच सड़क पर आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तत्काल स्थानीय लोग एवं राहगीरों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टर ने दोनों घायलों की गंभीर स्थिति देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल रायबरेली के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल रायबरेली में इलाज के दौरान एक पूरे सरदार बेलवा हसनपुर निवासी दीपक वर्मा (40) की मौत हो गईं। जबकि दूसरे युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सूचना पर परिजन और पुलिस अस्पताल पहुंच गई। मृतक युवक के परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है।
कोतवाली अमरेंद्र सिंह ने रविवार को बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई थी। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रैक्टर के ड्राइवर की तलाश की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
————