सुपौल, 21 अगस्त । जिला मुख्यालय में शुक्रवार को यातायात थाना पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। यातायात थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण यादव के नेतृत्व में महावीर चौक समेत शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये से अधिक का चालान काटा गया।
जांच अभियान के दौरान ट्रिपल लोडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा आवश्यक कागजात नहीं रखने वाले वाहन चालकों को विशेष रूप से जांच के दायरे में लिया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी।
यातायात थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण यादव ने बताया कि आरक्षी अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, ट्रिपल लोडिंग से बचने तथा वाहन के सभी आवश्यक कागजात साथ रखने की अपील की।