सहरसा,28 जुलाई ।जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना मुख्यालय के चौधरी टोला स्थित वार्ड संख्या 17 निवासी सुरेश चौधरी की दो पुत्रियों के लापता होने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी 14 वर्षीय चांदनी कुमारी और छह वर्षीय राधिका कुमारी का कोई सुराग नहीं मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। दोनों बहनों की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर मंगलवार को चौधरी टोला में एक दिवसीय धरना दिया गया।
धरना में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि घटना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सफलता नहीं लगना चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विशेष टीम गठित कर दोनों बहनों की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
धरना के दौरान लोगों ने कहा कि पूरा गांव पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और जब तक दोनों बच्चियों का पता नहीं चलता, तब तक ग्रामीणों की चिंता बनी रहेगी। उन्होंने पुलिस से खोजबीन में तेजी लाने और हर संभावित स्थान पर सघन जांच अभियान चलाने की अपील की। धरना स्थल पर सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन, सभापति प्रतिनिधि अबू तोरब, उपसभापति प्रतिनिधि विकास कुमार विक्की, खगेश कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि श्रवण कुमार, पूर्व मुखिया लालन कुमार, लोजपा नेता श्याम भारती, अमित भगत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बच्ची की मां धरना के दौरान भी वह बार-बार अपनी बेटियों को याद कर कहती रहीं, मेरी लाडो बेटियों को वापस ला दीजिए। इसके बाद वह कई बार बेसुध होकर गिर पड़ीं। वहां मौजूद महिलाओं ने उन्हें संभालने और ढांढस बंधाने का प्रयास किया।
उल्लेखनीय है कि विगत शुक्रवार की शाम चांदनी और राधिका रानी बाग बाजार में श्रृंगार का सामान खरीदने के लिए घर से निकली थीं। इसके बाद से दोनों का कोई पता नहीं चल सका है। काफी खोजबीन के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी।