सुलतानपुर, 15 जून । उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के थाना कुड़वार क्षेत्र में सोमवार को एक महिला का शव उसके मायके में पंखे से लटकता मिला। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सावंत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि धरावा गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान इसौली थाना बल्दीराय निवासी शान बाबू की पत्नी ताहिरा बानो (26) के रूप में हुई है। सोमवार सुबह जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं आई तो परिजनों ने जाकर देखा तो उसका शव पंखे के हुक से दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और नमूने एकत्र किए। नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।ताहिरा बानो की शादी तीन साल पहले हुई थी और उसका डेढ़ साल का एक बच्चा है। उसके पति दिल्ली में नौकरी करते हैं। वह करीब एक महीने से अपने मायके में रह रही थी।