सारण, 12 जून । सांसद पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर इसे भारत के उत्कर्ष का प्रतीक बताया है।
उन्होंने कहा कि यह कालखंड देश के आत्मविश्वास, सुशासन, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के अभूतपूर्व उदय का गवाह रहा है। पीएम मोदी ने स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
सांसद रूडी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। साथ ही 81 करोड़ नागरिकों को निःशुल्क राशन, 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के घर और करोड़ों किसानों, महिलाओं व युवाओं को सशक्त बनाया गया है। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश को नई वैश्विक पहचान दी है।
बिहार के संदर्भ में रूडी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य को ₹9.23 लाख करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता और ₹1.25 लाख करोड़ का विशेष पैकेज मिला है। रेलवे, सड़क, एक्सप्रेसवे और विमानन क्षेत्र में भारी निवेश हुआ है।
उन्होंने विशेष रूप से सारण का जिक्र करते हुए कहा कि बाकरपुर-डुमरिया घाट फोरलेन, गंगा-अम्बिका भवानी पथ, गंगा पर छह लेन का नया पुल, हरिहरनाथ कॉरिडोर और दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा प्रस्तावित ‘सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट’ जैसी परियोजनाएं सारण को उद्योग, पर्यटन और कनेक्टिविटी का नया हब बनाएंगी।
रूडी ने कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति, भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण, नई संसद और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता जैसे ऐतिहासिक कदम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेंगे। आज 140 करोड़ भारतीयों के सहयोग से विकसित भारत का संकल्प शीघ्र ही साकार होगा और भारत विश्व की अग्रणी शक्ति बनेगा।