आगरमालवा, 25 जुलाई । मध्य प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी नागर सिंह चौहान ने शनिवार को आगरमालवा में 111.40 करोड़ रूपये की लागत से नवनिर्मित सर्व सुविधायुक्त आगरमालवा, सुसनेर एवं नलखेड़ा के तीन सांदीपनी विद्यालय भवनों का रिमोट का बटन दबाकर लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुविधाए उपलब्ध करवा रही है, आज प्रदेश में 14000 करोड़ की लागत के 370 सांदीपनि विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया जा रहा है प्रदेश में 200 नए सांदीपनि विद्यालय और बनाए जाएंगे।
मंत्री चौहान ने भवन में विभिन्न कक्षों का अवलोकन कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा सांदीपनी विद्यालयों को भावी पीढ़ी के उज्जवल भविष्य का मजबूत आधार स्तंभ बताया। इस मौके पर गत बोर्ड परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं क्रमशः रचना, खुशी, संजना, रानी और शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों के प्राचार्य, संस्था प्रमुख, एवं शिक्षकगणों को शॉल श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इसके पूर्व प्रभारी मंत्री चौहान ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कलेक्टर प्रीती यादव ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। सुश्री अंकिता राय, जिला शिक्षा अधिकारी नितेश पांडे, लोक निर्माण विभाग के ज्ञानदीप, सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य करणसिंह यादव आदि ने मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्वागत उद्बोधन में कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए संदीपनी विद्यालयों में उपलब्ध शिक्षा सुविधाओं के बारे में बताया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक माधवसिंह गेहलोत ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में नित नए कदम उठा रही है, उन्होंने प्रभारी मंत्री से आगरमालवा में नवीन मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए स्वीकृति प्रदान करने हेतु प्रस्ताव कैबिनेट में रखवाने का अनुरोध किया। विधायक ने कहा कि क्षैत्र के प्रतिभाशाली 45 विद्यार्थियों को भोपाल ले जाकर मुख्यमंत्री जी से भेंट करवाई है। आगामी बोर्ड परीक्षा के बाद जो भी विद्यार्थी 99 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करेंगे, उन सभी विद्यार्थियों को वे भोपाल ले जाकर मुख्यमंत्री जी से भेंट एवं चर्चा करवाएंगे। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अधिकाधिक अंक हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई चैहान एवं जिला अध्यक्ष ओम मालवीय ने भी संबोधित किया।