आरसीए चुनाव में 35 ने डाले वोट, नतीजे पर रोक

Spread the love

जयपुर, 29 सितंबर । राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चार साल बाद हुए चुनाव में मंगलवार को मतदान तो हुआ, लेकिन परिणाम फिलहाल अटक गया है। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव पर रोक लगाने से इनकार करते हुए परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी है। न्यायालय ने हाईकोर्ट को मामले की जल्द सुनवाई कर निर्णय देने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते मतदान के बाद सभी मतपत्रों को सीलबंद कर सुरक्षित रखा गया है और हाईकोर्ट के निर्णय तक परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा।

आरसीए की छह सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए कुल 38 मतदाताओं को मतदान का अधिकार था, लेकिन मंगलवार को 35 ने ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव अधिकारी एके पांडे के अनुसार तीन मतदाताओं ने अपनी इच्छा से मतदान नहीं करने की बात कही। मतदान पूरा होने के बाद मतपेटी को सील कर दिया गया।

अध्यक्ष पद के लिए चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह और दौसा जिला क्रिकेट संघ के सचिव बृजकिशोर उपाध्याय के बीच मुकाबला है। छह पदों के लिए कुल 11 प्रत्याशी मैदान में थे। उपाध्यक्ष और सचिव पद पर मोहित यादव भी चुनाव लड़ रहे हैं।

मतदान के बाद धनंजय सिंह ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि 11 से 12 ऐसे लोगों को प्रवेश मिला, जिनका क्रिकेट से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने डीडवाना-कुचामन, खैरथल-तिजारा और बालोतरा क्रिकेट संघों के सचिवों के मतदान नहीं करने पर भी सवाल उठाया।

दूसरी ओर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी बृजकिशोर उपाध्याय ने कहा कि न्यायालय का निर्णय सर्वोच्च है और उसी के अनुसार मतपत्र सीलबंद लिफाफे में रखे गए हैं। उन्होंने विरोधी खेमे के निष्पक्ष चुनाव नहीं होने के आरोपों पर कहा कि आरसीए के सचिव स्वतंत्र रूप से मतदान करते हैं। तीन जिलों के मतदान नहीं करने पर उन्होंने कहा कि उनके सचिव एजीएम में मौजूद थे, लेकिन न्यायालय के निर्णय के बाद उन्होंने मतदान से दूरी बनाई।

इस बीच, चुनाव से पहले पराक्रम गुट के धर्मवीर सिंह शेखावत ने कार्यकारी सदस्य पद से अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद बृजकिशोर गुट के अरिष्ट सिंघवी का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक घोषणा मतदान और न्यायालय की प्रक्रिया के बाद ही होगी।

आरसीए के कुल 38 मतदाताओं में 34 जिला क्रिकेट संघों के सचिव, जयपुर और नागौर एडहॉक कमेटी के संयोजक तथा पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर गगन खोडा और पंकज सिंह शामिल हैं। आरसीए में इससे पहले दिसंबर 2022 में वैभव गहलोत निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे, जिन्होंने फरवरी 2024 में पद से इस्तीफा दिया था।