जयपुर, 03 सितंबर । मौर्य एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन की ओर से 3 सितंबर को जयपुर में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। स्वामी विवेकानंद बालिका शिक्षा प्रचार समिति एवं मौर्य एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में एसएस जैन सुबोध पीजी महिला महाविद्यालय, रामबाग सर्किल परिसर में आयोजित समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए 55 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर के फैशन टेक्नोलॉजी एंड डिजाइनिंग विभाग की इंचार्ज हेड डॉ. डॉली मोगरा रहीं। विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर एम. ए. खान, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय रींगस, सीकर रहे। वरिष्ठ पत्रकार एवं डेजर्ट ट्रायल की मुख्य संपादक अमृता मौर्य ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार रखे, जबकि अध्यक्षता एसएस जैन सुबोध पीजी महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. स्वाति जैन ने की।
फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजक डॉ. शैलेंद्र मौर्य ने बताया कि शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 17 शिक्षकों को स्वामी विवेकानंद टीचर्स प्राइड अवार्ड तथा 38 शिक्षकों को मौर्य एकेडमिक एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किए गए।
इसके साथ ही दो शोध विद्यार्थियों को राइजिंग रिसर्च अवार्ड से सम्मानित किया गया।
समारोह में शिक्षकों के योगदान को सम्मान देते हुए शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया गया।