बक्सर, 03 सितंबर । नगर भवन में गुरुवार को सौर ऊर्जा एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सौर मेले का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी साहिला ने समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर सोलर रथ को रवाना किया और दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया।
इस दौरान पीएम सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मीटर रीडर्स एवं सुपरवाइजर्स को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। डीएम ने लोगों को सौर ऊर्जा के फायदे बताते हुए कहा कि घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त ऊर्जा का उत्पादन किया जा सकता है, जिससे बिजली बिल में भी कमी आएगी।
जिले में अधिक से अधिक घरों पर सोलर पैनल लगाने के उद्देश्य से डीएम ने ‘मिशन प्रभाकिरण’ की शुरुआत की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। मेले में लोगों को सोलर पैनल की स्थापना, योजना के लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, नगर निकायों के वार्ड पार्षद, पंचायतों के मुखिया, बैंक अधिकारी एवं सोलर वेंडर्स मौजूद रहे।