शिमला, 11 फ़रवरी । शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में पेयजल में संदिग्ध मिलावट का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना तब सामने आई जब स्थानीय निवासी ने पीने के पानी से दवा जैसी गंध आने की शिकायत की और बाद में पानी की जांच में मिलावट की पुष्टि हुई।
पुलिस को दी शिकायत में टिक्कर तहसील के बरेष्टू गांव निवासी आदर्श शर्मा ने बताया कि 8 फरवरी की दोपहर जब वे घर पर भोजन कर रहे थे, तब उन्हें पीने के पानी से दवा जैसी तेज गंध महसूस हुई। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद आईपीएच विभाग के माध्यम से पानी का नमूना जांच के लिए भेजा गया। जांच के बाद विभाग ने बताया कि पानी के नमूने में किसी औषधीय पदार्थ की मिलावट पाई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पानी में यह मिलावट किस तरह और किसने की। इस संबंध में पुलिस थाना रोहड़ू में भारतीय न्याय संहिता की धारा 279 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है।