देवप्रयाग में आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

Spread the love

नई टिहरी, 22 अगस्त । देवप्रयाग ब्लॉक की भरपूर पट्टी के अंतर्गत मुनेठ-कर्णादेवी-बदर गांव मोटर मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों ने चिंता जताई। खस्ताहाल सड़क, प्रतिकर भुगतान और टूटे पैदल रास्तों सहित पेयजल लाइनों व नहरों की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने देवप्रयाग मुख्य बाजार में प्रदेश की भाजपा सरकार की अर्थी यात्रा निकालकर प्रदर्शन किया।

शनिवार को उक्त मांगों को लेकर मुख्य बाजार से निकली अर्थी यात्रा तहसील परिसर पहुंची। जहां ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिलकर लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज, स्थानीय विधायक विनोद कंडारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने पुतला दहन कर सरकार और लोनिवि के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस जिला महासचिव विनोद टोडरिया, एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव जगदीश चंद्र आर्य ने कहा कि मोटर मार्ग निर्माण के बाद से प्रभावित काश्तकारों को अब तक मुआवजा नहीं मिल पाया है। निर्माण के दौरान गांवों के स्कूल मार्ग और पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए। लेकिन इनकी मरम्मत तक नहीं की गई।

आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान कई स्थानों पर पेयजल लाइनें और नहरे भी क्षतिग्रस्त हो गईं। ग्रामीण लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों और सरकार की कथित उदासीनता के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह असवाल ने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संबंधित विभागों के कार्यालयों में तालाबंदी कर आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। कहा ग्रामीणों की जमीन लेकर सड़क बना देना ही विकास नहीं है।