पानीपत, 14 फ़रवरी । पानीपत पुलिस टीम ने बरसत रोड नूरवाला अड्डा पर मोबाइल दुकान से मोबाइल फोन व नकदी चोरी करने के आरोपी को शुक्रवार को बरसत रोड पर कृपाल आश्रम के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जसबीर कॉलोनी निवासी सन्नी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की शाम में उनकी टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि बरसत रोड पर कृपाल आश्रम के पास संदिग्ध किस्म का एक युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान सन्नी निवासी जसबीर कॉलोनी के रूप में बताई।
गहनता से पूछताछ करने पर अपने दोस्त कृष्णा के साथ मिलकर नौ फरवरी की रात बरसत रोड नूरवाला अड्डा पर एक मोबाइल की दुकान में छत के रास्ते घुसकर 12 मोबाइल फोन ( आईफोन, रियलमी, ओपो, पोको) व पांच हजार रूपए की नकदी चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह नशा करने का आदी है। आरोपी ने पूछताछ में बताया अपनी नशे की लत पूरी करने व शार्टकट तरिके से पैसे कमाने के लिए अपने दोस्त कृष्णा के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसके हिस्से में चोरी के पांच मोबाइल फोन व दो हजार 500 रूपए की नकदी आई थी। आरोपी ने अपने हिस्से में आई चोरी की नकदी खर्च दी। पुलिस ने आरोपी सन्नी के कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन दो आईफोन, एक रियलमी, एक ओपो, एक पोको बरामद कर शनिवार काे पूछताछ के बाद आरोपी न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।