यमुनानगर, 14 फ़रवरी । यमुनानगर में दो वर्ष पूर्व हुए चर्चित हत्या के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जगाधरी क्षेत्र में अजय की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी जगाधरी राजीव मिगलानी ने शनिवार को बताया कि 21 मार्च 2024 को अजय की हत्या कर शव को जलाकर फेंकने का मामला सामने आया था।
घटना के बाद से मुख्य आरोपित फरार था, जिसकी तलाश लगातार जारी थी। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे शांति कॉलोनी क्षेत्र से दबोच लिया। आरोपित मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि हत्या की साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपित ने लोहे की रॉड से प्रहार कर अजय की हत्या की थी। इसके बाद शव को ई-रिक्शा के माध्यम से ले जाकर बुढ़िया रोड पर कपड़े में लपेटकर आग के हवाले कर दिया गया था, ताकि पहचान मिटाई जा सके।
मामले में संलिप्त दो महिलाओं को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले की जांच पुलिस टीम द्वारा की जा रही थी, जिसमें विभिन्न तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की पहचान सुनिश्चित की गई। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि हत्या की पृष्ठभूमि, साजिश और अन्य संभावित कड़ियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा सके।