वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में जिला में छात्र से ज्यादा छात्राएं होंगी शामिल,

Spread the love

अररिया 15 फरवरी। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, की वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 17 फरवरी से प्रारम्भ होकर 25 फरवरी तक संचालित होगी। जिले में परीक्षा को लेकर 43 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।अररिया अनुमंडल में 23 एवं फारबिसगंज अनुमंडल मुख्यालय में 20 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। परीक्षा में कुल 30 हजार 65 परीक्षार्थी भाग लेंगे, जिसमें 14049 छात्र एवं 16016 छात्राएं शामिल होंगे।

प्रथम पाली की परीक्षा 09:30 बजे पूर्वाह्न से 12:45 बजे अपराह्न तक एवं द्वितीय पाली की परीक्षा 02:00 बजे अपराह्न से 05:15 बजे अपराह्न तक चलेगी। कुछ विषयों की परीक्षा प्रथम पाली में अपराह्न 12:15 बजे तथा द्वितीय पाली में पूर्वाह्न 04:45 बजे तक होगी।

डीआरसीसी भवन में डीएम विनोद दूहन एवं एसपी जितेन्द्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में शनिवार को सभी केन्द्राधीक्षक, महिला परीक्षार्थियों के फिस्किंग हेतु महिला वीक्षक, स्टैटिक दण्डाधिकारी, गस्तीदल दण्डाधिकारी, उड़नदस्ता दल, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी पुलिस पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी, अररिया, शाखा प्रबंधक, एसबीआई, फारबिसगंज एवं परीक्षा से सम्बद्ध सभी पदाधिकारी के साथ बैठक हुई।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा परीक्षा से सम्बद्ध सभी पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा दिये गये अनुदेशों का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न करायें।

प्रथम पाली के लिए पूर्वाह्न 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली के लिए अपराह्न 1:30 बजे तक ही परीक्षा भवन में परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति दी जायेगी।

विलम्ब से आने वाले परीक्षार्थी को परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी।परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी परीक्षार्थियों के लिए जूता-मोजा पहन कर परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश करना वर्जित रहेगा। तदनुसार परीक्षार्थी जूता-मोजा की जगह चप्पल पहन कर ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर विडियोग्राफर एवं सीसीटीवी की भी व्यवस्था रहेगी।

बैठक में जिले और अनुमंडल के वरीय अधिकारी शामिल थे।