बरेली शहर काे जाम से मिलेगी राहत, महर्षि चौक–श्यामगंज पुल मार्ग बनेगा मॉडल रोड

Spread the love

बरेली, 17 फरवरी । उत्तर प्रदेश के बरेली शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और प्रमुख मार्गों को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में नगर निगम ने अहम पहल की है। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड योजना) के तीसरे चरण में महर्षि चौक से श्यामगंज पुल तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। लगभग 36 करोड़ रुपये लागत वाली इस परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

नगर निगम के एक्सईएन राजीव राठी के अनुसार सड़क को आधुनिक मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। मौजूदा समय में डिवाइडर की चौड़ाई करीब 0.7 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 1.2 मीटर किया जाएगा। इससे मार्ग अधिक आकर्षक होने के साथ यातायात संचालन भी सुरक्षित बनेगा।

परियोजना के तहत सबसे बड़ा बदलाव बिजली लाइनों को लेकर होगा। सड़क के ऊपर फैले तारों के जाल को हटाकर सभी बिजली लाइनें भूमिगत की जाएंगी, जिससे दुर्घटना की आशंका कम होगी और मार्ग को स्मार्ट लुक मिलेगा। दोनों ओर समतल व मजबूत फुटपाथ बनाए जाएंगे, ताकि पैदल राहगीरों को सुरक्षित आवागमन मिल सके। डिवाइडर व सड़क किनारे पौधारोपण कर हरित पट्टी भी विकसित की जाएगी।