कोरबा, 17 फरवरी । सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों में एक सप्ताह के अंदर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायें, अन्यथा सख्त कार्यवाही की जाएगी। यह बात आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज मंगलवार को निगम क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों की देखरेख व संचालन करने वाली एजेसी एवं निगम के अधिकारियों को कडे़ अल्टीमेटम देते हुए कही।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अधिकारियों की टीम के साथ आज मंगलवार को टी.पी.नगर जोन के विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था व किए जा रहे सफाई कार्यो, सी.टी.पी.टी. की व्यवस्थाओं आदि का आकस्मिक निरीक्षण किया।
आयुक्त श्री पाण्डेय ने टीपीनगर स्थित नया बस स्टैण्ड के सार्वजनिक शौचालय व पिंक टायलेट का सघन रूप से अवलोकन करते हुए वहॉं की व्यवस्थाओं के संबंध में संचालन एंजेसी व अधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए एक सप्ताह के अंदर निर्धारित मानदण्डों के अनुरूप व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने, शौचालयों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के कडे़ निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान आयुक्त श्री पाण्डेय टीपीनगर जोन के डीडीएम रोड पहुंचे, वहॉं पर सड़क व नाली में भवन निर्माण व मरम्मत के उपयोग आने वाली गिट्टी, मलवा, ईट, रेत आदि डाल दिया गया था, जिसके कारण नाली में पानी का बहाव अवरूद्ध हो रहा था, वहीं सड़क पर आवागमन भी बाधित हो रहा था। आयुक्त श्री पाण्डेय ने इस पर अपनी नाराजगी जाहिर की तथा संबंधित पर 10 हजार रूपये का अर्थदण्ड आरोपित करने के निर्देश दिये। निगम के अधिकारियों द्वारा संबंधित पर 10 हजार रूपये का अर्थदण्ड लगाया गया तथा सी.एण्ड डी.वेस्ट का स्थल से हटाने के निर्देश दिये गये।