कोरबा : एकतरफा प्रेम में युवती के पिता पर फायरिंग, आरोपित गिरफ्तार

Spread the love

कोरबा, 19 फरवरी (हि. स.)। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दोनदारों के आश्रित ग्राम संगम नगर में बीती देर रात एकतरफा प्रेम के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने कथित रूप से युवती के पिता पर गोली चला दी। हालांकि सौभाग्य से पिता बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संगम नगर निवासी मां लखन साहू की नाबालिग बेटी से इंदिरा नगर निवासी 22 वर्षीय साहिल मासी एकतरफा प्रेम करता था। परिजनों का आरोप है कि साहिल लंबे समय से युवती का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। इस संबंध में युवती के पिता द्वारा पहले भी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।

बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 11 बजे साहिल युवती के घर पहुंचा और शादी के लिए दबाव बनाने लगा। पिता द्वारा मना करने पर वह आक्रोशित हो गया और कथित रूप से जबरदस्ती करने लगा। इसी दौरान उसने अपने पास रखी बंदूक निकालकर मां लखन साहू पर फायर कर दिया। गोली उन्हें नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया। बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपित से पूछताछ जारी है तथा उसके पास से हथियार जब्त कर लिया गया है। हथियार की वैधता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।