हथियार के साथ सात गिरफ्तार

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 19 फ़रवरी । सबिना कॉलोनी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध की योजना बना रहे सात युवकों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई गोलमुरी थाना क्षेत्र में की गई। मामले का खुलासा गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में किया।

सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सबिना कॉलोनी के एक कमरे में कुछ युवक इकट्ठा होकर किसी बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस टीम को देखते ही कमरे में मौजूद युवक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी को खदेड़कर पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपिताें में सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली डांगुडीह निवासी मो. जीशान उर्फ जीशु (26), बिष्टूपुर धतकीडीह ए ब्लॉक निवासी शेख नुमान (25), धतकीडीह न्यू डीएस फ्लैट निवासी शेख फैज (23), गोलमुरी मुस्लिम बस्ती निवासी मो. चांद शेख (25), गोलमुरी हिंदू लाइन निवासी शुभम कोहली उर्फ अनमोल कोहरी (20), मो. जुनैद रजा (20) तथा सबिना कॉलोनी निवासी परवेज आलम (32) शामिल हैं।

तलाशी के दौरान आरोपिताें के पास से एक देशी पिस्टल, सात जिंदा गोलियां, एक स्कॉर्पियो वाहन, चापड़, भुजाली, चाकू और 22,500 रुपये नकद बरामद किए गए।

एसपी ने बताया कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात में किया जाना था। स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है और उसके मालिक की जांच की जा रही है।

प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में कुछ अहम सुराग मिले हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास क्या रहा है तथा वे किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य संभावित सहयोगियों की भी तलाश की जा रही है।