सिरसा, 25 फ़रवरी । सिरसा के राजकीय नेशनल कॉलेज में मॉक ड्रिल के माध्यम से जिला प्रशासन व एनडीआरएफ की टीमों द्वारा प्राकृतिक आपदा के दौरान पैदा हुए हालात से कैसे निपटा जाए, संबंधी तैयारियों का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने जैसी स्थिति उत्पन्न होने तथा भूकंप या अन्य कारणों से इमारत के गिरने पर जान-माल के बचाव संबंधी अभ्यास किया गया।
एनडीआरएफ की ओर से सेकेंड इन कमांड अधिकारी मनोज कुमार ने बुधवार काे बताया कि मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ की ओर से इंस्पेक्टर त्रिलोक सिंह के नेतृत्व में 30 सदस्यी टीम ने हिस्सा लिया और इमारत गिरने के बाद किस तरह अधिक से अधिक जान-माल का सुरक्षित तरीके से बचाव किया जा सके, इसका अभ्यास करते हुए विद्यार्थियों को किसी भी प्राकृतिक आपदा से स्वयं व दूसरों का बचाव किया जा सके, यह भी बताया गया। उन्होंने कहा कि यह एक अभ्यास प्रक्रिया है, जो निरंतर समय दर समय होती है। राजकीय नेशनल कॉलेज की कार्यकारी प्राचार्या डा. अनीता मडिया ने कहा कि कॉलेज में इस तरह के नागरिक सुरक्षा संबंधी बचाव अभ्यास निश्चित तौर पर विद्यार्थियों के उपयोगी होते हैं। आज बच्चों ने आग लगने और इमारत गिरने जैसी प्राकृतिक आपदाओं के समय किस तरह सुरक्षात्मक तरीके से बचाव किया जा सकता है, वह इस मॉक ड्रिल के माध्यम से सीखा है। मॉक ड्रिल में विभिन्न विभागों व एजेंसियोंं, एनडीआरएफ, गृह रक्षी व नागरिक सुरक्षा विभाग, पुलिस विभाग, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, रेडक्रॉस, लोक निर्माण विभाग, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी तथा शिक्षा विभाग आदि से अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।