सारण, 10 मार्च । मांझी थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव में अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर दी। मृतका की पहचान नसरुद्दीन की पत्नी कमरुल बेगम उम्र लगभग 60 वर्ष के रूप में हुई है।
गोतनी (जेठानी) रुखसाना बेगम के अनुसार अपराधी घर की छत पर बने कमरे में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह सेहरी के समय हुई, जब परिवार के अन्य सदस्य महिला को जगाने पहुंचे। मृतका का शव कमरे में खून से लथपथ पाया गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि घर में चोरी के दौरान विरोध करने पर इस घटना को अंजाम दिया गया है। महिला के पति और पुत्र कोलकाता में रहते हैं।
सूचना मिलते ही मांझी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एकमा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पाया गया कि महिला की चाकू मारकर हत्या की गई है। साक्ष्य संकलन के लिए डॉग स्क्वायड और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर सूक्ष्मता से जांच कर रही है। पुलिस द्वारा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना के बाद से पूरे नंदपुर गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।