जयपुर, 10 मार्च । गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मामलों में राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में कोई भी अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है और आगे भी की जाएगी।
सदन में यह मामला सदस्य मनोज कुमार ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से उठाया था। उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा कुछ मामलों में एफआर लगाए जाने से उत्पन्न स्थिति पर सरकार से जवाब मांगा। इस पर जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री ने बताया कि संबंधित सभी प्रकरण वर्ष 2021 से 2023 के बीच के हैं। इन मामलों की जांच के दौरान किसी भी अधिकारी द्वारा सेवा नियमों के उल्लंघन का मामला सामने नहीं आया है। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई का प्रश्न ही नहीं उठता।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और यदि भविष्य में किसी भी स्तर पर कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।