राजगढ़ःनौकरी व लोन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार

Spread the love

राजगढ़, 12 मार्च । मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ कोतवाली थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बेरोजगार युवकों से वन विभाग में नौकरी व पशु लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपित को हिरासत में लिया है, जिस पर लगभग 70 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले उजागर हुए है।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से नकदी व ढ़ाई लाख से अधिक का इलेक्ट्रोनिक सामान बरामद किया। थानाप्रभारी मंजू मखेनिया ने गुरुवार को बताया कि बारद्वारी राजगढ़ निवासी सुनील पुत्र शिवनारायण नागर और नानूराम पुत्र अमरलाल सुतार ने शिकायत की, आरोपित बंटी उर्फ कृष्णमोहन पुत्र रतनलाल वर्मा ने उन्हें विश्वास दिलाया कि उसकी भोपाल स्थित वल्लभ भवन में वरिष्ठ अधिकारियों से अच्छी पहचान है, जिससे वह वन विभाग में नौकरी लगवा सकता है। आरोपित द्वारा इसी बहाने बेरोजगार युवकों से लाखों रुपए ऐंठ लिए गए।

बेराजगार युवकों को बंटी कई बार भोपाल के वल्लभ भवन ले जाता था और उन्हें बाहर बैठाकर कहता था कि अधिकारियों से बात हो गई है और जल्द ही नौकरी की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके अलावा आरोपित बंटी द्वारा कुछ व्यक्तियों को नाबार्ड के माध्यम से लगभग एक करोड़ 35 लाख रुपए का पशुपालन लोन स्वीकृत करवाने का झांसा देकर उनसे रुपए लिए गए। प्रारंभिक जांच में आरोपित के विरुद्ध अन्य आवेदन भी प्राप्त हुए है, जिनमें लगभग 70 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित बंटी उर्फ कृष्णमोहन वर्मा को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक लाख 20 हजार रुपए नकद, सोने की अंगूठी व टाॅप्स, दो एसी, दो एलईडी टीव्ही., एक वाॅशिंग मशीन, एक कूलर, एक फ्रिज जब्त किया, जिसकी कुल कीमत दो लाख 53 हजार रुपए है। इसके अलावा पुलिस द्वारा ईएसएएफ बैंक में पांच लाख 25 हजार रुपए के गोल्ड लोन पर होल्ड लगवाया गया है। जिला पुलिस राजगढ़ ने आमजन से अपील की है कि सरकारी नौकरी या लोन दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को रुपए देने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच कर लें। जिला पुलिस राजगढ़ आमजन के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्व है तथा इस प्रकार की धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।