सतना, 23 मार्च । मध्य प्रदेश के सतना जिले स्थित पेप्टेक सिटी में हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी सहित आठ लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। घटना लेन-देन के विवाद से जुड़ी बताई जा रही है, जिसमें युवक गौरव सिंह उर्फ गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार रविवार को पेप्टेक सिटी में गौरव सिंह और रघुराज सिंह उर्फ रघु के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए बैठक आयोजित की गई थी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। बैठक के बाद जब गौरव सिंह अपनी कार से वहां से निकल रहा था, तभी रघुराज सिंह और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और गोली चला दी, हालांकि गोली का निशाना चूक गया, जिससे उसकी जान बच गई। इसके बाद आरोपियों ने पिस्टल के बट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल गौरव सिंह का जिला अस्पताल सतना में उपचार जारी है और उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
सोमवार को सिविल लाइन थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि मुख्य आरोपी रघुराज सिंह आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और पीड़ित के बीच संपत्ति और लेन-देन को लेकर पुराना विवाद था, जिसकी शिकायत सिविल लाइन और नागौद थानों में दर्ज है।
इस मामले में पुलिस ने रघुराज सिंह उर्फ रघु के अलावा रुदन सिंह, डब्बू सिंह, कान्हा सिंह, वैभव सिंह, छंगू सिंह, लिटिल सिंह और ओमकार सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।