मार्च में जारी रहेगा आंधी-बारिश का दौर, बैक टू बैंक सक्रिय हो रहे दो पश्चिम विक्षोभ

Spread the love

जयपुर, 23 मार्च । बैक टू बैक सक्रिय हो रहे पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से मार्च माह में प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर देखने को मिलेगा। आंधी-बारिश व ओलावृष्टि ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी है। इस पूरे सप्ताह बारिश का दौर किसानों की परेशानी को दोगुना कर देगा। सोमवार को भी जयपुर सहित करीब आठ शहरों में आंधी-बारिश देखने को मिली। बालोतरा सहित कुछ अन्य शहरों में ओलावृष्टि हुई।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में सोमवार को अचानक मौसम बदला। जयपुर, अजमेर, कोटा, वनस्थली, अलवर,जोधपुर, भरतपुर, दौसा, डीडवाना सहित कई जिलों में बारिश हुई। बालोतरा में ओले भी गिरे। बारिश-ओलावृष्टि से हवा में ठंडक घुल गई। एक बार फिर लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास हुआ। सोमवार को बाड़मेर शहर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 35.8 और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश शहरों के अधिकतम तापमान में 1 से 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा करौली के तापमान में 6 डिग्री की गिरावट देखी गई। वहीं प्रदेश के अधिकांश शहरों के बादल छाए रहने से रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सोमवार को भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने तथा शेष अधिकांश भागों में आगामी दो-तीन दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। आगामी दिनों में बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से आंशिक बादल छाए रहने व 26-27 मार्च को पूर्वी व उत्तरी भागों में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 28-31 मार्च के दौरान राज्य के कुछ भागों में सक्रिय होने तथा मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश होने की संभावना है।

जयपुर में रविवार रात से ही आसमान में बादल नजर आए। सुबह गरज चमक के साथ बरसात हुई। काले घने बादलों के चलते अंधेरा सा छा गया था। बारिश के दौरान मध्यम गति की हवाएं भी चली। जयपुर में करीब 8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जयपुर के दिन के तापमान में 2.7 और रात के तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया। इस पूरे सप्ताह जयपुर के कई हिस्सों में बारिश की मौसम विभाग ने संभावना जताई है।