सूरजपुर, 04 अप्रैल । सूरजपुर जिले के भटगांव क्षेत्र में 13.22 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत कर बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया।
पीआरओ से मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ग्रामीण अंचलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के तहत महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ओड़गी और भैयाथान विकासखंड में 13.22 करोड़ रुपये से अधिक लागत के तीन प्रमुख विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया।
मंत्री ने विकासखंड ओड़गी के ग्राम हरिहरपुर (छतरंग रोड) में कागज नाला पर 419.37 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पुल निर्माण कार्य की शुरुआत की। इसके साथ ही भैयाथान विकासखंड के ग्राम सांवरावा में 136.23 लाख रुपये की लागत से जलाशय जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रतापपुर–भैयाथान मुख्य मार्ग से परसापारा तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया, जिसकी लागत 766.37 लाख रुपये है।
इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और लगातार बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और भटगांव क्षेत्र विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क, पुल और जल संरचना के सुदृढ़ीकरण से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि कृषि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक
उपस्थित रहे।