फतेहपुर, 25 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित कस्बे के मोहल्ला भिटार निवासी राहुल (18) का संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका हुआ शव मिला है। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए घटना की जांच शुरू की है। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि कल्लू रैदास के चार पुत्र हैं जिसमें सबसे छोटा पुत्र राहुल कस्बे में बाल कटिंग का काम करता है। जो रोज की तरह शुक्रवार को सुबह दुकान गया था। रात दस बजे तक घर नहीं लौटा तो शनिवार सुबह परिजनों ने खोजबीन शुरू की। घर से पांच सौ मीटर दूर जंगल में राहुल का शव बबूल के पेड़ से फांसी पर लटका मिला। परिजनों से मिली सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहुल के शव को नीचे उतार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि युवक ने प्रथमदृष्टया फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है । पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना का सही कारण पता चल पायेगा। उसी के अनुरूप अग्रिम विधिक कार्रवाई की जायेगी।