मीरजापुर, 26 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में अहरौरा और विंध्याचल टोल प्लाजा हटाने की मांग ने तूल पकड़ लिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन को समर्थन देते हुए फरेंदा से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी मीरजापुर के अध्यक्ष डॉ. शिव कुमार पटेल के नेतृत्व में 10 दिनों तक शांतिपूर्ण धरना चला, जिसे प्रशासन ने हटवा दिया गया। इसके बाद विधायक वीरेंद्र चौधरी ने मामले को उठाते हुए कहा कि टोल प्लाजा हटाए जाने से स्थानीय जनता को राहत मिलेगी।
उन्होंने पत्र में अहरौरा और विंध्याचल टोल प्लाजा को समाप्त करने के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए 20 किलोमीटर तक फ्री पास की सुविधा लागू करने की मांग की है। साथ ही विंध्याचल क्षेत्र के टोल टैक्स और अहरौरा के कथित फर्जी टोल को भी समाप्त करने की बात कही है।
विधायक ने कहा कि यह जनहित का मुद्दा है और आवश्यकता पड़ने पर इसे विधानसभा में भी उठाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि टोल टैक्स के कारण आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, जिसे खत्म करने के लिए पार्टी लगातार आवाज उठा रही है।