बाल विकास केंद्र एवं सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया

Spread the love

जोधपुर, 28 अप्रैल । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर के अध्यक्ष दिनेश त्यागी के मार्गदर्शन में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर के सचिव राकेश रामावत द्वारा संपर्क बाल विकास केंद्र गंगाणी का मासिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सचिव रामावत ने केंद्र में आवासित बच्चों से संवाद कर उनकी दिनचर्या एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के भोजन, चिकित्सा, खान-पान, स्वास्थ्य एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए, साथ ही व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। इसी क्रम में सचिव द्वारा सखी: वन स्टॉप सेंटर जोधपुर का भी औचक निरीक्षण किया गया।

उन्होंने सेंटर में दर्ज महिलाओं के प्रकरणों के केस रजिस्टर का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि विधिक सहायता की इच्छुक प्रत्येक महिला को समयबद्ध एवं प्रभावी कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सेंटर में महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं भोजन, चिकित्सा, रहन-सहन, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का भी गहन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।