मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर जताया शोक

Spread the love

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने भी प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

प्रतीक यादव का बुधवार को लखनऊ में निधन हो गया। अभी उनकी उम्र महज 38 वर्ष थी।सिविल अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक प्रतीक यादव को सिविल अस्पताल प्रातः 6:00 बजे लाया गया था। अस्पताल पहुंचने से पहले उनकी मृत्यु हो गई थी।पुलिस उनके शव को लेकर पोस्टमार्टम कराने गई है।प्रतीक फिटनेस के प्रति काफी गंभीर रहते थे। वह समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे हैं। उनकी पत्नी अपर्णा यादव बीजेपी की नेता हैं और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। वे समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सौतेले भाई हैं।