रालोद ने आगरा में की “मंथन सभा“, जनता से मांगा 2027 के लिए समर्थन

Spread the love

लखनऊ/आगरा, 17 मई । राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने रविवार को ग्वाल बाबा वाटिका क़स्बा जगनेर में “मंथन सभा“ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा व विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष पं. गोविंद शर्मा उपस्थित रहे। सर्व समाज के साथ ब्राह्मण समाज के लोगों ने अतिथियों को पगड़ी पहना कर भगवान परशुराम का प्रतीक चिन्ह फरसा भेंट कर स्वागत किया। अनुपम मिश्रा ने पगड़ी पहनने से इनकार करते हुए बताया कि उन्होंने शपथ ले रखी है कि जब तक प्रदेश में रालोद का मुख्यमंत्री नहीं बन जाता तब तक वह पगड़ी नहीं पहनेंगे।

उत्तर प्रदेश व राजस्थान के सुदूर बॉर्डर पर स्थित जगनेर के ब्राह्मण बाहुल्य क्षेत्र में रालोद के राष्ट्रीय सचिव मिश्रा के आने और जनसभा को संबोधित करने से क्षेत्र का राजनैतिक तापमान बढ़ गया है। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा ग्वाल की पावन नगरी में आने का अवसर मिला। इस क्षेत्र ने राजनीति में सदैव अपना योगदान दिया है और क्षेत्र की जनता बहुत जागरूक है। जो जानती है कि उसका जनप्रतिनिधि कैसा होना चाहिए। पिछली बार राष्ट्रीय लोकदल को आपका प्यार यहां से नहीं मिला था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। हम लोग आपसे वही प्यार व स्नेह मांगने आये हैं। आपके विकास कार्यों व क्षेत्र की उन्नति के लिये हम लोग सरकार में बैठे हैं, जो भी समस्याएं होगी उनको संगठन के माध्यम से हल कराया जायेगा। इस बार राष्ट्रीय लोकदल फिर अपने पुराने वाले अंदाज़ में लौटेगा और फिर से जनप्रतिनिधि आपकी सेवा करेंगे।

विशिष्ट अतिथि गोविंद शर्मा ने कहा कि किसानों की सरकार है, आपको जो भी समस्या हो हम लोग आपके साथ खड़े हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद शर्मा ने किया।

आयोजन में रमेश चन्द्र प्रधान तातपुर, गया प्रसाद प्रधान शिगरावली, मनोज प्रधान कासिमपुर, मनोज शर्मा जेपी इंटर कॉलेज, दिनेश चंद्र शर्मा देवरी, जगदीशचंद्र मुखिया जगनेर, केशव प्रधान बरिगमा, छत्रपाल प्रधान नौनी, ओमप्रकाश प्रधान कासिमपुर, संतोष प्रधान देहगवा, शिवराम शर्मा भारा दिनेश उपाध्याय, सीताराम प्रधान जी जगनेर, हरिओम उपाध्याय, प्रहलाद उपाध्याय, मुखिया महेंद्र सिंह के अलावा रालोद नेता सुरेन्द्र रावत, भूदेव प्रमुख, रविंद्र चाहर, जसवंत सिंह, डॉ जितेंद्र शर्मा, घमैद्र चाहर, प्रतीक शर्मा के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।